
क्या भाजपा में होने वाली है रविंद्र सिंह भाटी की घर वापसी ? एक तस्वीर से सियासी खेमे में हलचल
भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों में बाड़मेर जिले के निर्दलीय और निष्कासितों को लेकर अनिर्णय की स्थिति बनी हुई है। निर्दलीय चुनाव लड़कर जीते विधायक भाजपा की ओर झुकाव में है। उधर, कांग्रेस से विधानसभा चुनाव में निष्कासित हुए पूर्व विधायकों की छटपटाहट घर वापसी की है। दोनों दल अब इस कशमकश में है कि इनके आने से नफा-नुकसान क्या होगा?
निष्कासितों की छटपटाहट कांग्रेस में
शिव के पूर्व विधायक अमीनखां और बाड़मेर के पूर्व विधायक मेवाराम जैन को कांग्रेस पार्टी ने निष्कासित किया हुआ है। विधानसभा चुनावों के बाद अमीनखां का निष्कासन हुआ। अब वे यह बार-बार कह रहे हैं कि उन्होंने पार्टी का साथ दिया। बीते दिनों उन्होंने यह भी कहा कि निर्दलीय रविन्द्रसिंह का साथ उन्होंने नहीं दिया।
पुरानी बातें भूलने की दुहाई
शिव से फतेहखां ने कांग्रेस का जिलाध्यक्ष का पद होते हुए भी अमीनखां को कांग्रेस का प्रत्याशी बनाए जाने पर निर्दलीय चुनाव लड़ा था। इस पर उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। हालांकि लोकसभा चुनावों से पहले फतेहखां को कांग्रेस ने वापस पार्टी में ले लिया। अब बीते दिनों फतेहखां ने कांग्रेस संगठन के एक कार्यक्रम में कहा कि पुरानी बातों को भूल जाओ।


