Meta का सबसे बड़ा ऐलान, अब इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप चलाने के लिए देने पड़ेंगे पैसे, आया रिचार्ज जैसा प्लान
दुनिया की दिग्गज सोशल मीडिया कंपनी Meta Platforms अब अपने प्लेटफॉर्म्स को सिर्फ मुफ्त सेवा तक सीमित नहीं रखना चाहती। इसी दिशा में कंपनी ने Instagram, Facebook और WhatsApp के लिए नए ‘Plus’ सब्सक्रिप्शन प्लान पेश किए हैं। इन नए प्लान्स के तहत यूजर्स को कई ऐसे प्रीमियम फीचर्स और एडवांस कस्टमाइजेशन टूल्स मिलेंगे, जो अब तक सामान्य यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं थे। कंपनी का कहना है कि इन प्लान्स का उद्देश्य यूजर एक्सपीरियंस को और बेहतर बनाना है, खासतौर पर उन लोगों के लिए जो सोशल मीडिया पर ज्यादा एक्टिव रहते हैं या कंटेंट क्रिएशन से जुड़े हैं।
मेटा ने स्पष्ट किया है कि ये नए ‘Plus’ प्लान कंपनी के मौजूदा ‘Meta Verified’ प्लान की जगह नहीं लेंगे, बल्कि यह एक अलग प्रीमियम सेवा होगी। फिलहाल कंपनी ने इन प्लान्स को वैश्विक स्तर पर रोलआउट करने की घोषणा की है, लेकिन भारत में इन्हें कब लॉन्च किया जाएगा, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। हालांकि, भारत मेटा के लिए दुनिया का सबसे बड़ा यूजर बेस वाला बाजार है, इसलिए माना जा रहा है कि कंपनी जल्द ही यहां भी फेज्ड तरीके से इन फीचर्स को लॉन्च कर सकती है।
Instagram Plus और Facebook Plus में क्या मिलेगा?
मेटा ने इंस्टाग्राम प्लस और फेसबुक प्लस को खासतौर पर सोशल एक्सप्रेशन और क्रिएटर कम्युनिटी को ध्यान में रखकर डिजाइन किया है। इन प्लान्स के जरिए यूजर्स को यह देखने की सुविधा मिलेगी कि उनकी स्टोरी को कितनी बार दोबारा देखा गया है। इसके अलावा कई ऐसे फीचर्स दिए जाएंगे जो अब तक केवल सीमित रूप से उपलब्ध थे।
सबसे बड़ा बदलाव ‘क्लोज फ्रेंड्स’ फीचर में देखने को मिलेगा। अभी यूजर्स केवल एक ही क्लोज फ्रेंड्स लिस्ट बना सकते हैं, लेकिन नए प्लान के बाद कई अलग-अलग लिस्ट बनाई जा सकेंगी। इससे यूजर तय कर पाएंगे कि कौन-सी फोटो या वीडियो किस ग्रुप को दिखानी है।
स्टोरी फीचर में भी बड़ा बदलाव किया गया है। अभी इंस्टाग्राम और फेसबुक स्टोरी 24 घंटे बाद अपने आप हट जाती है, लेकिन प्लस प्लान लेने वाले यूजर्स अपनी स्टोरी को ज्यादा समय तक प्रोफाइल पर रख सकेंगे। इसके अलावा सप्ताह में एक बार किसी स्टोरी को ‘स्पॉटलाइट’ करने का विकल्प मिलेगा, जिससे वह ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी।
एक और चर्चित फीचर ‘घोस्ट व्यू’ जैसा है, जिसके जरिए यूजर किसी की स्टोरी देख सकेंगे लेकिन सामने वाले को इसकी जानकारी नहीं होगी। यानी उनका नाम स्टोरी देखने वालों की सूची में दिखाई नहीं देगा। साथ ही यूजर अपनी स्टोरी देखने वालों के नाम सर्च भी कर सकेंगे।
मेटा ने प्रोफाइल कस्टमाइजेशन पर भी खास ध्यान दिया है। अब यूजर्स बिना कोई पोस्ट किए सीधे अपनी प्रोफाइल या हाइलाइट्स में फोटो और वीडियो सेव कर सकेंगे। इसके लिए दोस्तों के होम पेज पर कोई नोटिफिकेशन नहीं जाएगा। इसके अलावा नए फॉन्ट्स, ‘सुपर हार्ट’ रिएक्शन और कस्टम एप आइकॉन जैसे डिजाइन फीचर्स भी दिए जाएंगे।
WhatsApp Plus में मिलेगा नया अनुभव
WhatsApp के लिए लाया जा रहा ‘WhatsApp Plus’ पूरी तरह पर्सनलाइजेशन और मैसेजिंग एक्सपीरियंस पर आधारित होगा। इसमें यूजर्स को कस्टम थीम्स, अलग-अलग रिंगटोन्स, अतिरिक्त पिन चैट्स, चैट लिस्ट कस्टमाइजेशन और प्रीमियम स्टिकर्स जैसी सुविधाएं मिलेंगी। इससे यूजर्स अपने ऐप को पहले से ज्यादा व्यक्तिगत तरीके से इस्तेमाल कर सकेंगे।
Meta AI के लिए भी प्रीमियम प्लान
मेटा केवल सोशल मीडिया फीचर्स तक ही सीमित नहीं रहना चाहती। कंपनी अपने एआई प्लेटफॉर्म के लिए भी दो नए प्लान टेस्ट कर रही है। पहला प्लान ‘Meta One Plus’ होगा, जिसकी कीमत 7.99 डॉलर यानी करीब 770 रुपए प्रति महीना रखी गई है। दूसरा प्लान ‘Meta One Premium’ होगा, जिसकी कीमत 19.99 डॉलर यानी करीब 1,900 रुपए प्रति महीना होगी।
दोनों प्लान्स में लगभग समान फीचर्स होंगे, लेकिन प्रीमियम प्लान में डीपर रीजनिंग, हाई-कंप्यूट क्वेरीज और बेहतर वीडियो-इमेज जनरेशन जैसी एडवांस सुविधाएं मिलेंगी। हालांकि सामान्य यूजर्स के लिए Meta AI पहले की तरह मुफ्त रहेगा।
क्रिएटर्स और बिजनेस यूजर्स के लिए खास प्लान
मेटा ने कंटेंट क्रिएटर्स और बिजनेस अकाउंट्स के लिए भी एडवांस प्लान तैयार किए हैं। ‘Meta One Essential’ प्लान की कीमत 14.99 डॉलर यानी करीब 1,450 रुपए प्रति महीना होगी। इसमें वेरिफाइड बैज, फर्जी अकाउंट्स से सुरक्षा और एन्हांस्ड लिंकशीट जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
वहीं ‘Meta One Advanced’ प्लान की कीमत 49.99 डॉलर यानी करीब 4,800 रुपए प्रति महीना रखी गई है। इसमें फेसबुक फीड में ज्यादा विजिबिलिटी, सर्च रिजल्ट में ऊपर दिखने, रील्स पर बोल्ड ‘Follow’ बटन और ऑटोमैटिक फॉलो इनविटेशन जैसी सुविधाएं दी जाएंगी। इसके अलावा बिजनेस यूजर्स को एडवांस एनालिटिक्स, ऑप्टिमाइज्ड शेड्यूलिंग टूल्स और मल्टी-मॉडरेटर एक्सेस जैसे फीचर्स भी मिलेंगे।
क्यों बदल रहा सोशल मीडिया का बिजनेस मॉडल?
सालों तक फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पूरी तरह मुफ्त सेवाएं रहे क्योंकि कंपनियां विज्ञापनों और यूजर डेटा के जरिए अरबों की कमाई करती थीं। लेकिन अब दुनियाभर में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के यूजर्स की संख्या स्थिर होने लगी है और नए यूजर्स जुड़ने की गति धीमी पड़ गई है। दूसरी ओर, डेटा प्राइवेसी से जुड़े नियम सख्त होने के कारण विज्ञापन से होने वाली कमाई पर भी असर पड़ा है।
इसी वजह से मेटा अब सीधे यूजर्स से सब्सक्रिप्शन फीस लेकर कमाई का नया मॉडल तैयार कर रही है। Elon Musk के प्लेटफॉर्म X की तरह अब मेटा भी प्रीमियम सेवाओं के जरिए अपनी आय को सुरक्षित और मजबूत बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।







