2 बच्चों की हत्या कर मां-बाप ने किया सुसाइड, भाई ने कूदते देखा तो शोर मचाया
जैसलमेर जिले में 2 बच्चों की हत्या कर मां-बाप ने सुसाइड कर लिया। दंपती ने बेटा-बेटी को पहले टांके में फेंका और फिर खुद ने भी कूदकर जान दे दी। ग्रामीणों ने चारों को टांके से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने जांच के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दंपती में पारिवारिक विवाद चल रहा था। मामला रामदवेरा थाना क्षेत्र के लोहारकी गांव में रविवार रात करीब 9 बजे का है। थाना अधिकारी देवकिशन ने बताया- एक परिवार के 4 लोगों की मौत की सूचना के बाद पुलिस टीम लोहारकी अस्पताल पहुंची और घटना की जानकारी ली। मृतकों की पहचान लोहारकी निवासी जसराज (30), पत्नी निरमा (28) और उनके बेटे भरत (10) और बेटी मनीषा (5) के रूप में हुई है।
थानाधिकारी ने बताया- रात 9 बजे जसराज के भाई ने उसे पानी के टांके में कूदते हुए देखा। इस पर उसने शोर मचाया तो परिवार के लोगों के साथ ही आसपास के लोग दौड़कर टांके के पास पहुंचे, लेकिन तब तक चारों पानी में डूब चुके थे। देवकिशन ने बताया- ग्रामीणों ने सभी लोगों को बाहर निकाला, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। एक टीम गांव में स्थित टांके का मुआयना किया है। परिजनों की रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




