बदमाशों ने बीच सड़क बीकानेर निवासी ठेकेदार को पीटा, लाठी-हॉकी से वार कर हाथ-पैर तोड़े
नागौर में बदमाशों ने लाठियों और हॉकी से ठेकेदार को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। कैंपर और स्कॉर्पियो में आए बदमाशों ने अपनी गाड़ी से ठेकेदार की क्रेटा कार को टक्कर मार दी। इसके बाद कार सवार बीकानेर निवासी सेंड स्टोन रॉयल्टी के ठेकेदार हेतराम को लाठियों और हॉकी से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। गंभीर रूप से घायल हेतराम को स्थानीय लोगों ने हॉस्पिटल पहुंचाया। घटना नेशनल हाईवे-62 पर टांकला टोल के पास रविवार शाम करीब 6 बजे की है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बदमाश हॉकी और लाठी से ठेकेदार को बेरहमी से पीटते हुए नजर आ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, ठेकेदार हेतराम के साथ कार में एक और युवक सवार था। बदमाशों को देखकर मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शी राजवीर धोलिया ने बताया- स्कॉर्पियो और कैंपर सवार युवकों ने क्रेटा कार का पीछा करते हुए उसे टक्कर मारी। कार अनियंत्रित होकर पेड़ के पास जाकर रुक गई। इसके बाद दोनों गाड़ियों में सवार बदमाशों ने कार पर लाठियां बरसाना शुरू कर दी। कार चला रहे हेतराम को पकड़ लिया और उसके हाथ-पैरों पर लाठी- हॉकी से ताबड़तोड़ वार किए। इसके बाद आरोपी उसे छोड़कर जोधपुर की तरफ भाग गए।




