बीकानेर: इस जगह सोलर प्लांट में हादसा, एजेक्स मशीन के नीचे आने से युवक की मौत
बीकानेर। पूगल थाना अंतर्गत करणीसर भाटियान रोही स्थित एक सोलर प्लांट में एक युवक की एजेक्स मशीन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान करणीसर गांव निवासी 28 वर्षीय छैलूसिंह पुत्र मदन सिंह राजपूत के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, छैलूसिंह ने सोलर प्लांट में अपना ट्रैक्टर लगा रखा था और वह स्वयं वहां काम कर रहा था। प्लांट साइट पर काम करते समय वह कंपनी की एजेक्स मशीन के नीचे आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल छैलूसिंह को तुरंत बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।मृतक के परिजनों ने पूगल पुलिस थाने में एजेक्स मशीन के ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। परिजनों और ग्रामीणों ने कंपनी अधिकारियों के सामने मुआवजे की मांग भी रखी। कंपनी से मुआवजे का आश्वासन मिलने के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।




