भाजपा विधायक के बेटे पर जानलेवा हमला, 50 लाख की रंगदारी मांगी; 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज
अलवर। बहरोड़ से भाजपा विधायक डॉ. जसवंत सिंह के पुत्र मोहित यादव ने मांढण पुलिस थाने में आधा दर्जन लोगों के खिलाफ 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगने और जानलेवा हमले का मामला दर्ज कराया है। यह मामला 24 मार्च को दर्ज कराया गया है। आरोप है कि बदमाशों ने मोहित यादव की गाड़ी रोककर गाली-गलौज की और 50 लाख रुपए देने की धमकी दी।
थाना प्रभारी किरण सिंह यादव ने बताया कि दर्ज रिपोर्ट में बताया गया कि 10 मार्च 2026 को मांढण गोशाला उत्सव के दौरान फेसबुक-इंस्टाग्राम लाइव पर वीरेंद्र सिंह नाम की आईडी से जान से मारने की धमकियां और भद्दे कमेंट्स आए। उसी रात कान्हावास के पास बिना नंबर प्लेट वाली स्कॉर्पियो ने उनकी गाड़ी रोकी और लाठी-डंडों से लैस 6-7 लोगों ने घेर लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए 5 दिनों में 50 लाख रुपए देने की धमकी दी और कहा कि बलजीत भाई साहब ने उनका ‘इलाज’ करने को कहा है।
मोहित यादव ने रिपोर्ट में बताया कि वीरेंद्र सिंह, सौदल पहलवान, लीलू शर्मा समेत अन्य पर पहले भी दो बार जानलेवा हमले के मामले दर्ज हैं। मामले में 6 लोगों के खिलाफ नामजद केस दर्ज करवाया है, जिनमें वीरेंद्र (दहमी), सौदल पहलवान (मोहम्मदपुर), लीलू शर्मा (जागुवास), जगजीत सिंह (बर्डीद), संदीप (तसींग) और प्रदीप (दहमी) शामिल हैं। मोहित यादव ने शिकायत में देरी का कारण बताया कि उनके पिता विधायक डॉ. जसवंत सिंह कैंसर से पीड़ित है, इसलिए पहले उनका इलाज प्राथमिकता है। हाल ही में दोबारा धमकी मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कराई गई।




