बीकानेर में हाईवे पर ट्रक-ट्रेलर से भिड़ी कार, एक गंभीर घायल
बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में शुक्रवार देर रात करीब बारह बजे नेशनल हाईवे पर हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा हेमासर-बेनीसर के पास हुआ, जहां मारुति ईको कार सामने से आ रहे ट्रक-ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गंभीर रूप से घायल युवक की सुबह तक पहचान नहीं हो पाई।
ट्रेलर श्रीडूंगरगढ़ की ओर से बीकानेर जा रहा था। इसी दौरान सामने से ओवरटेक करते हुए एक ईको कार ट्रेलर की ओर आ गई। ट्रेलर चालक ने हादसे को टालने का प्रयास करते हुए वाहन को सड़क से नीचे उतार लिया, लेकिन टक्कर नहीं टल सकी। इस दौरान ट्रेलर खेत की सिंचाई पाइपलाइन तोड़ते हुए करीब 11 केवी के बिजली पोल से जा टकराया, जिससे बिजली का पोल और लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई। ईको में सवार एक व्यक्ति को गंभीर हालत में अब्दुल कलाम सोसायटी की एंबुलेंस से श्रीडूंगरगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसे बीकानेर रेफर कर दिया गया। देर रात तक घायल की पहचान नहीं हो सकी थी। वहीं टोल कंपनी की हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और यातायात को सुचारू करवाया।




