बस पलटी, बाहर गिरे पैसेंजर्स को ट्रॉले ने कुचला, 3 मौत, 20 घायल
कोटा में स्लीपर बस के एक्सीडेंट में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में 20 से ज्यादा पैसेंजर्स घायल हैं। यात्रियों का दावा कि बस के फ्रंट मिरर पर किसी ने पत्थर मारा था, इसलिए ड्राइवर ने कंट्रोल खो दिया। अनियंत्रित होने के कारण बस डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में घुसकर पलट गई। पलटने के कारण टूटे कांच वाले हिस्से से पैसेंजर्स बाहर सड़क पर गिर गए। तीन को सामने से आ रहे ट्रॉले ने कुचल दिया। हादसा शहर के आरकेपुरम थाना इलाके में नयागांव पुलिया के पास बुधवार रात करीब 12 बजे हुआ। पुलिस के अनुसार प्राइवेट कंपनी की बस अहमदाबाद से ग्वालियर-भिंड की तरफ जा रही थी। बस में ज्यादातर सवारियां मध्यप्रदेश की ही थी। बस पलटने के कारण पैसेंजर्स अंदर बुरी तरह फंस गए। यात्रियों को बाहर निकालने के लिए रात करीब2.30 बजे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। एक्सीडेंट में 20 से ज्यादा पैसेंजर्स घायल हुए हैं। जिन्हें कोटा के मेडिकल कॉलेज के हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। वहीं, ट्रोले के कुचलने के कारण जिन तीन लोगों की मौत हुइ है, उनमें से दो की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार जिन लोगों की हादसे में मौत हुई है वो ड्राइवर केबिन में बैठे थे। बस पलटते ही केबिन का फ्रंट मिरर टूटने से ये लोग सड़क पर गिर गए। उसी दौरान सामने की तरफ से आ रहा ट्रॉला इन लोगों पर चढ़ गया।




