बीकानेर: प्रॉपर्टी डीलर की मौत, नुकसान से परेशान होकर कुंड में कूदकर दी जान
नोखा। शुक्रवार शाम नोखा कस्बे में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां जमीन के सौदों में लगातार नुकसान से परेशान प्रॉपर्टी डीलर साजिद अली की पानी के कुंड में कूदने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार करीब 40 वर्षीय साजिद अली निर्वाण ने अपने घर में बने पानी के कुंड में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के परिजन विक्रम अली ने थाने में रिपोर्ट देकर बताया कि साजिद अली प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था और पिछले काफी समय से जमीन के सौदों में नुकसान होने के कारण मानसिक रूप से परेशान था।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम उसने यह कदम उठाया, जिसकी जानकारी परिवार को तत्काल नहीं लग पाई। बाद में जब परिजनों ने उसकी तलाश की तो घर के कुंड में उसका शव तैरता हुआ मिला। परिजन तुरंत उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के पिता एवं समाजसेवी अनवर अली निर्वाण के घर बड़ी संख्या में लोग सांत्वना देने पहुंचे। रमजान की ईद की तैयारियों के बीच हुए इस हादसे से परिवार में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।




