बीकानेर: ताला-चाबी ठीक करने के बहाने रैकी, फिर चोरी, कई और चोरियों के राज खुलेंगे
बीकानेर की जेएनवीसी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ताला-चाबी ठीक करने के बहाने घरों में चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने डूंगरपुर से आरोपियों को दस्तयाब कर गिरफ्तार किया। थानाधिकारी तिवाड़ी ने बताया कि प्रार्थी अजय आहूजा ने 11 फरवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 10 फरवरी 2026 को शाम करीब 4 बजे दो अज्ञात व्यक्ति रास्ते में ताला-चाबी ठीक करने की बात कहते हुए मिले। वे उन्हें घर ले गए, जहां अलमारी का ताला ठीक करने के दौरान दोनों ने नजर बचाकर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात व नकदी चोरी कर ली और फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस टीमों का गठन किया गया। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तथा टावर लोकेशन व अन्य तकनीकी संसाधनों की मदद से संदिग्धों की पहचान की गई। लगातार पीछा कर पुलिस ने डूंगरपुर से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।




