बीकानेर पोस्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, पूरा परिसर खाली करवाया
बीकानेर। बीकानेर शहर के जूनागढ़ किले के पीछे स्थित हेड पोस्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। पोस्ट ऑफिस अधिकारियों को एक संदिग्ध ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें पूरे परिसर को साइनाइड बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। सूचना मिलते ही अधिकारियों ने तुरंत पुलिस को अवगत कराया। धमकी मिलने के बाद एहतियातन हेड पोस्ट ऑफिस के पूरे परिसर को खाली करवा लिया गया। पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। प्रारंभिक तलाशी के दौरान अब तक किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, हालांकि सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। इंस्पेक्टर ऑफ पोस्ट पुष्प राठी ने बताया कि हमें ये सूचना मिली थी कि बम से उड़ा दिया जाएगा। साइनाइड बम से उड़ाने की धमकी भरे इस मेल के बाद पुलिस को सूचना दी गई है। फिलहाल सभी डेढ़ सौ कर्मचारियों को बाहर निकाल लिया गया है। पुलिस और डॉग स्क्वायड हेड पोस्ट ऑफिस के चप्पे चप्पे की छानबीन कर रही है।ईमेल में लिखा गया है कि पूरे परिसर को साइनाइड बम से उड़ा दिया जाएगा और इसे सामान्य धमकी नहीं समझा जाए। ईमेल में कोयंबटूर में सक्रिय अल-बदर नेटवर्क का भी जिक्र किया गया है। साथ ही दावा किया गया है कि दो हजार करोड़ रुपए के ड्रग मामले में डीएमके नेता जाफर सादिक की गिरफ्तारी केवल एक धोखा है। फिलहाल पुलिस मेल की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह संदेश कहां से भेजा गया है। सुरक्षा एजेंसियां भी मामले की गंभीरता को देखते हुए सतर्क हो गई हैं।




