साल्ट-रिफाइनरी में युवक की मौत, मालिकों पर हत्या का आरोप, शव के साथ धरने पर बैठा भाई
डीडवाना-कुचामन जिले में एक साल्ट रिफाइनरी में एक श्रमिक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने फैक्ट्री मालिकों पर साजिश के तहत युवक की हत्या का आरोप लगाया है। गुस्साए परिजनों ने जयपुर- नावा(नागौर) मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और नारेबाजी की। हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाइश की और जाम खुलवाया। लेकिन मृतक का छोटा भाई शव के साथ रिफाइनरी में धरने पर बैठ गया है। मामला जिले के नावां उपखंड के गोविन्दी इलाके का है। यहां मालचंद दीनदयाल साल्ट रिफाइनरी में कर्मचारी सूरजमल गुर्जर पुत्र किशन लाल निवासी त्योद (सांभर-फुलेरा) की बुधवार की सुबह मौत हो गई। मृतक के चाचा रामनारायण गुर्जर ने नावां थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। चाचा का कहना है- फैक्ट्री प्रबंधन ने सुबह 10 बजे तक मौत की कोई सूचना नहीं दी। परिजनों के मौके पर पहुंचने से पहले ही फैक्ट्री के लोग शव को गाड़ी में डालकर नावां की ओर ले जा रहे थे। परिजनों ने पीछा किया और राजास के पास शव को रुकवाया। इसके बाद शव को वापस फैक्ट्री लेकर आए।




