रिटायर्ड महिला प्रिंसिपल को डिजिटल अरेस्ट कर 1.85 करोड़ ठगे
जोधपुर में रिटायर्ड महिला प्रिंसिपल को डिजिटल अरेस्ट करके 1 करोड़ 85 लाख रुपए ठग लिए। ठग ने खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया। महिला से कहा कि आपके मोबाइल नंबर और आधार कार्ड का इस्तेमाल करके केनरा बैंक में अकाउंट खोला गया है। इसमें कई ट्रांजैक्शन हुए हैं, जिसका कमीशन उसके अकाउंट में क्रेडिट किया गया है। वेरीफाइड करने के लिए अकाउंट में जमा सारे पैसे सरेंडर करने होंगे। सोमवार को महिला बैंक गई और 22 लाख रुपए ट्रांसफर करने की कोशिश की। बैंक को शक हुआ और बैंक कर्मचारी उसे साइबर पुलिस के पास ले गए। इसके बाद पता चला कि महिला पिछले 6 दिनों से डिजिटल अरेस्ट का शिकार थी। इतना ही नहीं, महिला के अकाउंट से 22 लाख रुपये ट्रांसफर होने से भी बच गए। साइबर थाने के हेड कांस्टेबल जमशेद ने बताया- डिजिटल अरेस्ट के जरिए धोखाधड़ी को लेकर महिला की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




