बीकानेर: गैस सिलेंडर फटने से किसान की ढाणी में भीषण आग, नकदी-जेवर जलकर राख
महाजन। क्षेत्र के समीपवर्ती मनोहरिया गांव में मंगलवार को गैस सिलेंडर फटने से एक किसान की ढाणी में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार को घरेलू सामान तक बाहर निकालने का मौका नहीं मिला। हादसे में करीब दो लाख रुपये की नकदी, आभूषण, अनाज, पशु आहार सहित लगभग सात लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। जानकारी के अनुसार किसान मदनलाल सिद्ध घटना के समय खेत में कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान उनकी ढाणी में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी ढाणी को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि उस पर समय रहते काबू नहीं पाया जा सका। देखते ही देखते ढाणी में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि आगजनी की इस घटना से पीडि़त परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है और पूरा परिवार गहरे सदमे में है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीडि़त परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता एवं उचित मुआवजा देने की मांग की है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।




