बीकानेर के इस ऑफिस में साथियों के रीजनल मैनेजर और कर्मचारियों को धमकाने पहुंचा हिस्ट्रीशीटर
बीकानेर। मुक्ताप्रसाद पुलिस थाने के हिस्ट्रीशीटर ने अपने साथियों के साथ रीको के ऑफिस पहुंचकर रीजनल मैनेजर और कर्मचारियों को धमकाया और झगड़ा किया। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर और उसके दो साथियों को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। एचएस विराट, उसके साथी प्रशांत सागर और जुनेद पठान शुक्रवार को रीको कार्यालय पहुंचे। वहां उनकी रीको के रीजनल मैनेजर मनोज कुमार बंसल और कर्मचारियों से बोलचाल हो गई। इस दौरान माहौल गर्मा गया और एचएस व उसके साथियों ने आरएम व कर्मचारियों को धमकाया, उनसे झगड़ा किया। आरोप है कि एचएस विराट अपनी मां के नाम से करणी औद्योगिक क्षेत्र में स्थित व्यावसायिक प्लॉट पर दबाव डालकर मनमर्जी से नियमविरुद्ध काम कराना चाहता है।
इसके लिए लगातार अधिकारी-कर्मचारियों पर दबाव डालकर धमका रहा है। शुक्रवार को रीको कार्यालय में तनाव की स्थिति बन गई और बीछवाल थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसएचओ दिगपालसिंह ने बताया कि विराट, प्रशांत और जुनेद को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। तीनों को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। विराट के खिलाफ मुक्ताप्रसाद थाना पुलिस ने भी इस्तगासा पेश कर पाबंद करने की कार्यवाही की है।




