आज 6 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, जाने बीकानेर में कैसा रहेगा मौसम
बीकानेर। राजस्थान के 6 जिलों में आज भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। वहीं, 17 जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट है। इससे पहले सोमवार को हाड़ौती क्षेत्र (कोटा, बारां, बूंद, झालावाड़) में 12 इंच तक पानी बरसा। भारी बरसात के बाद इन जिलों में हालात बिगड़ गए हैं। झालावाड़ में मंगलवार को स्कूलों की छुट्टी है। कालीसिंध, छापी, नोनेरा डैम के गेट खोलने से निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। 10 गांवों का संपर्क भी टूट गया है। नोनेरा डैम के 27 में से 19 गेट खोलकर पानी की निकासी की जा रही है। वहीं, उदयपुर संभाग में सोमवार को 6 इंच तक बारिश हुई। डीडवाना-कुचामन के नावां में बाइक सवार युवकों की बिजली गिर गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले 3 दिन तक तेज बरसात का दौर जारी रह सकता है।
राजस्थान में मानसून इन दिनों जोर पकड़ रहा है, लेकिन बीकानेर में गर्मी कम होने का नाम नहीं ले रही। पिछले 24 घंटे में बीकानेर प्रदेश के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा। यहां अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम के इस अजीब मिजाज में एक ही जिले के एक हिस्से में तेज बारिश हो रही है तो दूसरे हिस्से में लोग गर्मी से परेशान हैं। बीकानेर शहर से अलग जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में बारिश का असर देखने को मिला। तेज बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया। आसपास के गांवों में भी बारिश हुई, जिससे किसानों के चेहरे खिल गए। खेतों में खड़ी फसलों के लिए बारिश को राहत के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं श्रीडूंगरगढ़ से बीकानेर शहर की तरफ बढ़ने पर मौसम का मिजाज बदल जाता है। श्रीडूंगरगढ़ के आगे बीकानेर शहर तक बारिश नहीं होने से जमीन सूखी है और तापमान भी लगातार बना हुआ है।
देर रात ऑरेंज अलर्ट, फिर भी नहीं बरसा शहर
बीकानेर जिले के लिए देर रात मौसम विभाग की रिपोर्ट में ऑरेंज अलर्ट दिया गया था। इसके बावजूद बीकानेर शहर में बारिश नहीं हुई। मौसम विभाग के अलर्ट के बीच बादल तो दिखाई दिए, लेकिन शहर में बारिश का इंतजार खत्म नहीं हुआ। राजस्थान के अन्य हिस्सों में मानसून सक्रिय बना हुआ है और कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।




