कमरा खाली कराया तो आया गुस्सा, मकान मालिक की हत्या कर रिश्तेदार के घर छिपा
जयपुर। मानसरोवर के रजत पथ पर एक व्यक्ति की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मकान खाली कराने और सिक्योरिटी डिपॉजिट के हिसाब-किताब को लेकर हुए विवाद में तीन साल पुराने किराएदार ने मकान मालिक की पत्थर से वार कर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर 3 दिन के रिमांड पर लिया है। डीसीपी (साउथ) राजर्षि राज के अनुसार गिरफ्तार आरोपी महेश शर्मा निवासी सुमेर नगर प्रथम न्यू सांगानेर रोड हाल अरावली पथ, शिप्रापथ को गिरफ्तार किया गया है। महेश राजस्थान हाउसिंग बोर्ड में जूनियर अकाउंटेंट है। वह पिछले 3 साल से अपनी बहन के साथ दीपक कुलश्रेष्ठ के मकान में किराए पर रह रहा था। दीपक जन्माष्टमी के आसपास मकान में नया निर्माण शुरू करवाने के लिए उससे कमरा खाली करवाना चाहते थे, जिसे लेकर दोनों में विवाद चल रहा था। मानसरोवर में मकान मालिक की हत्या के आरोपी किराएदार रिश्तेदार के घर जाकर छिपा हुआ था। पुलिस ने उसे रिश्तेदार के घर से पकड़ा। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह मकान मालिक के शव को देखकर डर गया था। इसलिए वह लहूलुहान हालत में शव को पोर्च में ही पड़ा छोड़कर वहां से भाग निकला।




