बड़ी खबर: सीजफायर वार्ता के बीच अमेरिका का ईरान पर हमला, बोट्स और मिसाइल साइट को बनाया निशाना
वॉशिंगटन/तेहरान। अमेरिका और ईरान के बीच जारी सीजफायर वार्ता के बीच अमेरिकी सेना ने मंगलवार को ईरान के दक्षिणी क्षेत्र में सैन्य कार्रवाई की। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार होर्मुज स्ट्रेट के पास बारूदी सुरंग बिछाने की कोशिश कर रही बोट्स और बंदर अब्बास के पास एक मिसाइल साइट को निशाना बनाया गया। CENTCOM के प्रवक्ता टिमोथी हॉकिन्स ने कहा कि यह कार्रवाई “आत्मरक्षा” (सेल्फ-डिफेंस) के तहत की गई। उनके अनुसार अमेरिकी सैनिकों और युद्धपोतों को संभावित खतरे से बचाने के लिए यह कदम उठाया गया।
अमेरिकी सेना का दावा है कि होर्मुज स्ट्रेट में बारूदी सुरंगें बिछाने से अंतरराष्ट्रीय जहाजों और अमेरिकी नौसैनिक जहाजों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती थी। इसी दौरान बंदर अब्बास क्षेत्र में मौजूद एक सरफेस-टू-एयर मिसाइल साइट को भी निशाना बनाया गया। हालांकि CENTCOM ने कहा कि सीजफायर के दौरान अमेरिका अब भी संयम बरत रहा है और उसका फोकस अपने सैनिकों की सुरक्षा पर है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस कार्रवाई से अमेरिका-ईरान वार्ता की रफ्तार प्रभावित हो सकती है, लेकिन फिलहाल शांति वार्ता पूरी तरह रुकने के संकेत नहीं हैं।




