बेटे की हत्या कर पिता ने किया सुसाइड, धारदार हथियार से गला काटा
भीलवाड़ा में 12 साल के बेटे की हत्या कर पिता ने सुसाइड कर लिया। घर के कमरे की चारपाई पर बेटे की लाश पड़ी थी। उसका गला कटा हुआ था। पिता (40) ने जहर खा लिया था। वह कमरे में ही तड़प रहा था। घटना बड़लियास थाना क्षेत्र की शुक्रवार सुबह 7 बजे की है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि युवक का पत्नी से विवाद चल रहा था। इसी विवाद में उसने बेटे का गला काट दिया। डीएसपी बाबूलाल बिश्नोई ने बताया- पड़ोसियों ने परिजनों को सूचना दी थी। जब परिजन घर पहुंचे तो गेट नहीं खुला। दीवार फांदकर अंदर गए। कमरे में बच्चे की लाश पड़ी थी। पिता ने फसल काटने में काम आने वाली दराती से बेटे पर हमला किया था। गला कटने से बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। दराती घर में ही रखी थी। पुलिस जांच में सामने आया कि बेटे की हत्या के बाद पिता ने पहले पंखे से फंदा लगाने की कोशिश की। इसके बाद उसने जहर खा लिया। परिजन उसे तुरंत जिला हॉस्पिटल लेकर गए, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।




