मार्च में बैक-टू-बैक ग्रहों का गोचर! इन राशियों को मिलेगा करियर और धन लाभ
मार्च का महीना जल्द ही शुरू होने वाला है. ज्योतिष के अनुसार, मार्च की शुरुआत बेहद खास रहने वाली है, क्योंकि 2 से 5 मार्च के बीच कई बड़े ग्रह राशि और नक्षत्र परिवर्तन करने जा रहे हैं. इस दौरान ग्रहों का बैक-टू-बैक गोचर एक शक्तिशाली संयोग बना रहा है, जिसका असर कई राशियों पर देखने को मिलेगा. 2 मार्च को शुक्र ग्रह अपनी उच्च राशि मीन में प्रवेश करेंगे. इसके बाद 3 मार्च को प्लूटो श्रवण नक्षत्र में गोचर करेगा और इसी दिन मंगल शतभिषा नक्षत्र में प्रवेश करेंगे. फिर 4 मार्च को शुक्र उत्तरा भाद्रपद नक्षत्र में जाएंगे और 5 मार्च को सूर्य पूर्वा भाद्रपद नक्षत्र में प्रवेश करेंगे. इन लगातार हो रहे बदलावों से 6 राशियों के लिए शुभ समय की शुरुआत हो सकती है. आइए ज्योतिषाचार्य से जानते हैं किन राशियों को मिलेगा इसका लाभ.
मेष राशि
मेष राशि वालों के लिए यह समय अचानक लाभ देने वाला साबित हो सकता है. रुका हुआ धन वापस मिलने के योग बन रहे हैं और लंबे समय से अटके काम पूरे हो सकते हैं. करियर में आ रही बाधाएं दूर होंगी और नई उपलब्धियां हासिल हो सकती हैं. समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा और व्यापार में भी तेजी आएगी. परिवार में सुख-शांति का माहौल रहेगा और आत्मविश्वास में भी वृद्धि होगी.
उपाय: हनुमान चालीसा का पाठ करें और बंदरों व कुत्तों को मीठी रोटी खिलाएं.
मिथुन राशि
मिथुन राशि वालों के लिए यह समय करियर में बड़े बदलाव लेकर आ सकता है. नौकरी में प्रमोशन या नई जिम्मेदारी मिल सकती है. आपकी मेहनत की सराहना होगी और अवॉर्ड या रिवॉर्ड मिलने के योग बन रहे हैं. नए संपर्क बनेंगे, जो आगे चलकर आपके लिए फायदेमंद साबित होंगे.
उपाय: गणेश अथर्वशीर्ष का पाठ करें और गाय को हरा चारा खिलाएं.
सिंह राशि
सिंह राशि के जातकों का आत्मविश्वास इस समय बढ़ेगा और भाग्य का पूरा साथ मिलेगा. नौकरी और बिजनेस दोनों में उन्नति के संकेत हैं. हालांकि, जल्दबाजी और गुस्से में फैसले लेने से बचें. परिवार का सहयोग मिलेगा. जीवन की परेशानियां धीरे-धीरे खत्म होंगी.
उपाय: हर रविवार गेहूं और गुड़ का दान करें और सूर्य की उपासना करें.
तुला राशि
तुला राशि वालों के लिए यह समय सफलता और प्रगति का संकेत दे रहा है. करियर में स्थिरता आएगी. रुके हुए काम पूरे होने लगेंगे. इंटरव्यू या परीक्षा में सफलता मिलने के योग हैं. आर्थिक स्थिति में सुधार होगा. अटका हुआ पैसा भी वापस मिल सकता है.
उपाय: शिवलिंग पर दूध, चावल और चीनी अर्पित करें.
धनु राशि
धनु राशि के लोगों के लिए यह समय आर्थिक रूप से मजबूत बनाने वाला रहेगा. व्यापार में जो रुकावटें आ रही थीं, वे दूर होंगी और नए अवसर मिलेंगे. प्रमोशन या नई जिम्मेदारी मिलने की संभावना है. नए लोगों से संपर्क बनेंगे, जो भविष्य में लाभ देंगे.
उपाय: माथे पर चंदन या हल्दी का तिलक लगाएं और भगवान विष्णु को पीले फूल अर्पित करें, साथ ही विष्णु सहस्त्रनाम का जाप करें.
मकर राशि
मकर राशि वालों के लिए यह समय तेजी से आगे बढ़ने का संकेत दे रहा है. करियर में ग्रोथ होगी. पदोन्नति के अवसर मिल सकते हैं. समाज में आपकी पहचान और प्रतिष्ठा बढ़ेगी. आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और जीवन में संतुलन आएगा.
उपाय: शनिवार को काली चीजों का दान करें और भैरव जी की उपासना करें. साथ ही शिव जी को जल अर्पित करें.




