दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने एक ही परिवार की 3 महिलाओं को कुचला
राजस्थान के अलवर जिले में आज सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। वहीं, दो महिलाओं की हालत गंभीर है। हादसा सुबह करीब 5.15 बजे अरावली विहार थाना क्षेत्र में कटी घाटी के समीप हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मृतका के शव को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह ट्रक की चपेट में आने से एक ही परिवार की तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। एक महिला को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए जयपुर रैफर किया गया है। जबकि तीसरी महिला का सामान्य अस्पताल में इलाज चल रहा है। तीनों महिलाएं कटी घाटी के पास एक रिसोर्ट में काम करती थी। महिलाएं मूल रूप से टीकमगढ़, मध्य प्रदेश की रहने वाली है। परिजनों ने बताया कि सुबह तीनों महिलाएं शौच के लिए एक साथ जा रही थी, तभी तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने उनको टक्कर मार दी।





