चार मजदूरों को ट्रक ने रौंदा, दो की दर्दनाक मौत
जयपुर। नए साल से ठीक पहले कालाडेरा कस्बे में दर्दनाक सड़क हादसे ने दो प्रवासी मजदूरों की जिंदगी छीन ली, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। यह हादसा बुधवार रात कालाडेरा बस स्टैंड से रीको औद्योगिक क्षेत्र की ओर जाने वाले मार्ग पर शनि मंदिर से पहले जांगिड़ कृषि फार्म के पास हुआ। स्कूटी और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत के बाद दोनों वाहनों पर सवार चार मजदूर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए।
हादसे में सभी चारों मजदूर सड़क पर उछलकर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर घायलों को एम्बुलेंस से कालाडेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल को छुट्टी दे दी गई, जबकि तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल के लिए रेफर किया गया।





