कार ने मारी भीषण टक्कर, मां-मासूम बेटे की दर्दनाक मौत, भाई गंभीर घायल
एक भाई का अपनी बीमार बहन के लिए निभाया गया फर्ज उसके जीवन की सबसे बड़ी त्रासदी बन गया। सेवर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक महिला और उसके मासूम बेटे की मौत हो गई, जबकि महिला का भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
ससुराल छोड़ने जा रहा था भाई
सेवर थाना पुलिस के अनुसार, विनीत पुत्र लखन सिंह निवासी गांगरसौली, थाना नदबई, अपनी बहन मनीषा (29) पत्नी प्रवीण को बुखार होने पर इलाज के लिए आरबीएम अस्पताल लेकर आया था। मनीषा के साथ उसका चार वर्षीय बेटा वंश भी था। डॉक्टर को दिखाने के बाद विनीत बाइक से बहन और भांजे को ससुराल गांव ओंडेल जाट, थाना रूपवास छोड़ने जा रहा था।





