बीकानेर जिले की आज की प्रमुख खबरे
1. बीकानेर में अवैध देशी कट्टा और कारतूस सप्लायर गिरफ्तार, हथियार नेटवर्क की जांच जार
2.हाईकोर्ट से एफआईआर क्वेश के बावजूद गिरफ्तारी, कोर्ट ने आरोपी की तत्काल रिहाई के दिए आदेश
3. सड़क पर अचानक ऊंटनी आने से बाइक हादसा, युवक गंभीर घायल
4. अरजनसर में तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को मारी टक्कर, युवक बीकानेर रेफर
5. एमडी तस्कर ने पुलिस टीम पर स्कॉर्पियो चढ़ाने का किया प्रयास, 2.90 लाख रुपए बरामद
6. कैंपर गाड़ियों में आए बदमाशों का हमला, युवक को कुचलने का प्रयास
7. घर पर खड़ी कार का पंजाब में कटा टोल टैक्स, वाहन मालिक के उड़ गए होश
8. बीसी के नाम पर 98 हजार की ठगी, कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज
9. फर्जी दस्तावेजों से जमीन हड़पने का आरोप, पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज
10. सिक्योरिटी गार्ड के साथ मारपीट और जातिसूचक गालियां देने का आरोप
11. खेत की सीमा पर लगे पेड़ काटकर चोरी करने का मामला दर्ज
12. बंद मकान में चोरी, नकदी और जेवरात लेकर फरार हुए चोर
13. बज्जू क्षेत्र में 45 बकरियां चोरी, अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज
14. बीकानेर में बनेगा स्पोर्ट्स एक्सीलेंस सेंटर, खिलाड़ि
यों को मिलेंगी अंतरराष्ट्रीय सुविधाएं
बीकानेर में अवैध हथियार सप्लायर गिरफ्तार, पिस्टल और कारतूस बरामद
बीकानेर। बीकानेर जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बज्जू पुलिस ने देशी कट्टा और कारतूस सप्लाई करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रणजीतपुरा थाना क्षेत्र के चक 1 सीडी निवासी 28 वर्षीय बलवीर सिंह राजपूत को पकड़ा है। आरोपी का नाम पहले पकड़े गए मामले की जांच में सामने आया था। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर हथियार सप्लाई नेटवर्क और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार 7 मई 2026 को आरोपी दिनेश कुमार के कब्जे से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे। पूछताछ और तकनीकी जांच में बलवीर सिंह का नाम सामने आने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। गोपनीय सूचना के आधार पर बज्जू पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी का पीसी रिमांड लिया है और हथियार नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। जिले में चल रहे अभियान के दौरान अब तक एक दर्जन से अधिक अवैध हथियार जब्त किए जा चुके हैं।
हाईकोर्ट से एफआईआर रद्द, फिर भी गिरफ्तारी पर कोर्ट ने दिए रिहाई के आदे
बीकाने। जोधपुर हाईकोर्ट द्वारा एफआईआर क्वेश (रद्द) किए जाने के बावजूद आरोपी को गिरफ्तार करने का मामला सामने आया है। कोर्ट ने इस कार्रवाई को गलत मानते हुए आरोपी को तत्काल अभिरक्षा से मुक्त करने के आदेश दिए हैं।
मामला मुक्ताप्रसाद थाना क्षेत्र का है, जहां मारपीट और जातिसूचक गालियां देने का मुकदमा दर्ज किया गया था। बाद में हाईकोर्ट ने परिवादिया और आरोपी पक्ष के बीच राजीनामा स्वीकार करते हुए एफआईआर और समस्त कार्यवाहियों को रद्द कर दिया। इसके बावजूद अनुसंधान अधिकारी ने एक अन्य आरोपी मुकेश कुमार बिश्नोई को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया।
आरोपी पक्ष के अधिवक्ता ने हाईकोर्ट के आदेश की जानकारी कोर्ट को दी, जिसके बाद कोर्ट ने आरोपी को तुरंत रिहा करने के आदेश जारी किए। कोर्ट ने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश की पूरी जानकारी लेकर ही कार्रवाई की जानी चाहिए थी।
सड़क पर अचानक ऊंटनी आने से बाइक हादसा, युवक गंभीर घायल
बीकानेर। जसरासर तहसील के साधासर रोड पर शुक्रवार देर रात एक बाइक ऊंटनी से टकरा गई, जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार जसरासर निवासी 36 वर्षीय मुनीराम तिवाड़ी साधासर से जसरासर की ओर आ रहे थे। बिजारणियों की ढाणी के पास अचानक सड़क पर ऊंटनी आ जाने से बाइक टकरा गई। हादसे में मुनीराम गंभीर घायल हो गए।
घायल युवक को जसरासर सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए पीबीएम अस्पताल बीकानेर रेफर किया गया। हादसे में ऊंटनी के दोनों पैरों में भी गंभीर चोटें आई हैं।
अरजनसर में तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार गंभीर घायल
अरजनसर। कस्बे के बस स्टैंड पर शनिवार सुबह हुए सड़क हादसे में बाइक सवार महेंद्र पुत्र रेखाराम गंभीर रूप से घायल हो गया। सूरतगढ़ की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद ग्रामीणों की मदद से घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत में बीकानेर रेफर कर दिया गया। सूचना पर महाजन पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु करवाया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने बस स्टैंड क्षेत्र में बैरिकेडिंग और डिवाइडर लगाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यहां लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जा रहे।
पुलिस टीम पर स्कॉर्पियो चढ़ाने का प्रयास, एमडी तस्कर फरार
बीकानेर। नापासर थाना क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त के दौरान पुलिस टीम पर स्कॉर्पियो चढ़ाने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। घटना में सरकारी बोलेरो को भी टक्कर मारी गई।
पुलिस के अनुसार गश्त के दौरान संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन को पुलिस की बोलेरो से भिड़ा दिया। इसके बाद पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास भी किया गया, हालांकि सभी ने साइड में हटकर अपनी जान बचाई।
घटनास्थल से चालक फरार हो गया, जबकि वाहनमें बैठे कैलाश नामक युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। स्कॉर्पियो से 2.90 लाख रुपए नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैंपर गाड़ियों में आए बदमाशों का हमला, युवक को कुचलने का प्रयास
नापासर। तेजरासर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर बदमाशों द्वारा घर पर हमला करने, मारपीट और वाहन चढ़ाने के प्रयास का मामला सामने आया है।
पीड़ित बलराम जाखड़ ने रिपोर्ट में बताया कि आरोपी कैंपर गाड़ी लेकर उसके घर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर वाहन क्षतिग्रस्त कर दिया। विरोध करने पर उस पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया गया। कुछ देर बाद आरोपी दोबारा लौटे और मारपीट की
पुलिस ने नामजद आरोपियों सहित 18-20 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर पर खड़ी कार का पंजाब में कटा टोल टैक्स, मालिक हैरान
बीकानेर। बीकानेर निवासी अल्ताफ अहमद की कार घर पर खड़ी थी, लेकिन पंजाब के टोल प्लाजा पर उनकी गाड़ी का फास्टैग टैक्स कट गया। घटना के बाद वाहन मालिक हैरान रह गया।
पीड़ित के अनुसार रात करीब 11:30 बजे उनके मोबाइल पर ₹155 कटने का मैसेज आया। मैसेज में पंजाब के मोर्य टोल प्लाजा का जिक्र था। जबकि उनकी कार घर के गैराज में खड़ी थी।
इस घटना ने फास्टैग और ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आशंका जताई जा रही है कि किसी ने फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया हो या तकनीकी गड़बड़ी हुई हो
बीसी के नाम पर 98 हजार की ठगी, कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज
बीकानेर। श्रीकोलायत थाना क्षेत्र में बीसी के नाम पर 98 हजार रुपए हड़पने का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रार्थी मोहननाथ जाट जोगी ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने आपराधिक षड्यंत्र रचकर उससे पैसे लिए और वापस देने से इनकार कर दिया। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फर्जी दस्तावेजों से जमीन हड़पने का आरोप, पांच के खिलाफ केस दर्ज
बीकानेर। सदर थाना क्षेत्र में फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी बनाकर कृषि भूमि बेचने और जमीन हड़पने का मामला सामने आया है।
प्रार्थी गुरनाम सिंह ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनकी 18.5 बीघा कृषि भूमि में से हिस्सा बेच दिया और बाकी जमीन भी अपनी पत्नियों के नाम ट्रांसफर करवा दी। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिक्योरिटी गार्ड से मारपीट और जातिसूचक गालियां देने का आरोप
बीकानेर। नाल थाना क्षेत्र के जयमलसर इलाके में सिक्योरिटी गार्ड के साथ मारपीट और जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने का मामला सामने आया है
पीड़ित सुनील कुमार ने रिपोर्ट में बताया कि कुछ लोगों ने उसके साथ गाली-गलौच कर मारपीट की और जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खेत की सीमा से पेड़ काटकर चोरी करने का आरोप
बीकानेर। नापासर थाना क्षेत्र में खेत की सीमा पर लगे पेड़ काटने और पानी की कुंड को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया है।
प्रार्थी नानूराम ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने खेजड़ी, फोग और रोहिड़ा के पेड़ काट लिए तथा खेत में बनी पानी की कुंड को नुकसान पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बंद मकान में चोरी, नकदी और जेवरात पार
बीकानेर। गंगाशहर थाना क्षेत्र में चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाकर नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए।
पीड़ित ज्ञानेश्वर कपिल ने बताया कि घर लौटने पर ताले टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था। चोर सोने की चैन, कड़ा, पायजेब और नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है
बज्जू क्षेत्र से 45 बकरियां चोरी, ग्रामीणों में दहशत
बज्जू। पंचपीढ़ की ढाणी निवासी बद्रीराम की 45 बकरियां अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
पीड़ित ने बताया कि रात के समय चोर बाड़े से सभी बकरियां ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
बीकानेर में बनेगा स्पोर्ट्स एक्सीलेंस सेंटर, खिलाड़ियों को मिलेंगी अंतरराष्ट्रीय सुविधाएं
बीकानेर। भारतीय तीरंदाजी टीम के कोच अनिल जोशी ने कहा कि बीकानेर में भारतीय खेल प्राधिकरण के एक्सीलेंस सेंटर की स्वीकृति पूरे संभाग के खिलाड़ियों के लिए बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने बताया कि अब खिलाड़ियों को जयपुर, दिल्ली और पटियाला जैसे शहरों में प्रशिक्षण के लिए नहीं जाना पड़ेगा। सेंटर में आधुनिक ट्रेनिंग, फिजियोथेरेपी, स्पोर्ट्स साइंस और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने कहा कि इससे खेलों के साथ-साथ पर्यटन, व्यापार और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा और बीकानेर राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बनाएगा।




