सिरफिरे युवक ने विवाहिता पर ब्लेड से किया हमला; गले, कमर और पैर में गंभीर घाव
बांसवाड़ा। जिले के सदर थाना क्षेत्र के तेजपुर गांव में रविवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। विवाहिता पर एक युवक ने धारदार ब्लेड से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में महिला के गले, कमर और पैर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वह खून से लथपथ होकर मौके पर गिर पड़ी। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल महिला की हालत गंभीर है और अस्पताल में इलाज जारी है। मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसमें हमले के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सदर एएसआई रमेशचंद्र ने बताया तेजपुर निवासी महिला अपने घर पर काम कर रही थी। इसी दौरान पड़ोस में किराए पर रहने वाला सुजल पुत्र सुरेश वहां पहुंचा और किसी पुराने विवाद को लेकर महिला से कहासुनी के बाद उस पर हमला कर दिया। आरोपी ने महिला के पैरों और गले पर ब्लेड से हमला किया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। महिला की चीख पुकार सुनकर घरवाले और आसपास के लौग दौड़े। महिला को तत्काल एमजी अस्पताल इलाज के लिए लाया गया, जहां महिला के शरीर पर गहरे घाव होने के कारण करीब 25 टांके आए हैं। महिला की हालत फिलहाल गंभीर है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमले के पीछे की वजह सहित सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। वहीं आरोपी की तलाश की जा रही है।




