बीकानेर: जिओ कंपनी में कार्यरत युवक की कार को ट्रेलर ने मारी टक्कर, युवक की हुई मौत
बीकानेर। खाजूवाला क्षेत्र के 8 केजेडी निवासी योगेश पुत्र श्री रामचंद्र माहर (कुम्हार) का सडक़ दुर्घटना में असामयिक निधन हो गया। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, योगेश जिओ कंपनी के कार्य से दंतौर क्षेत्र में टावर मेंटेनेंस का काम कर रहे थे। मंगलवार देर रात कार्य समाप्त कर वे अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से दंतौर स्थित अपने कमरे की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान पूगल-दंतौर रोड पर पीरणवाली फांटे के पास एक ट्रेलर से उनकी कार की टक्कर हो गई। परिजनों का आरोप है कि ट्रेलर चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ, जिसमें योगेश की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद परिजनों का कहना है कि बुधवार सुबह जिओ कंपनी के अधिकारियों को हादसे की सूचना दे दी गई थी, लेकिन काफी समय बीत जाने के बावजूद कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इसी के विरोध में परिजन और समाज के लोग खाजूवाला अस्पताल की मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठ गए। परिजनों ने स्पष्ट किया है कि जब तक जिओ कंपनी तथा महिंद्रा एंड महिंद्रा के संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर उनसे वार्ता नहीं करेंगे, तब तक वे पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे।




