बीकानेर: बाइक सवार को बचाने के दौरान पलटी पिकअप, बच्चों सहित एक दर्जन से अधिक घायल
बीकानेर। लूणकरणसर के ढाणी भोपालाराम मार्ग पर गुरुवार शाम एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। यह पिकअप मजदूरों को लेकर जा रही थी। हादसे में बच्चों और महिलाओं सहित एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर टाइगर फोर्स की टीम एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंची और सभी घायलों को लूणकरणसर के उपजिला अस्पताल पहुंचाया। पिकअप पुनरासर से उत्तर प्रदेश और बिहार के मजदूरों को लेकर लूणकरणसर रेलवे स्टेशन की ओर जा रही थी। ड्राइवर श्याम सुंदर शर्मा ने बताया कि कस्बे के पास अचानक गलत दिशा से एक बाइक सामने आ गई। बाइक सवारों को बचाने के प्रयास में उन्होंने पिकअप को सड़क से नीचे उतारा, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में हेमंत, रोहित, अजीत, किरसु, अनिशा, शिवजीत, भरत, राधिका, सुनीता, शिवानी, सारदिक और ड्राइवर श्याम सुंदर शर्मा सहित कुल एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए। घायलों में सात बच्चे और तीन महिलाएं भी शामिल हैं। सभी घायलों को लूणकरणसर उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद, एक महिला सहित तीन गंभीर घायलों को आगे के इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।




