बीकानेर: घर का गेट तोड़कर घुसे हमलावर, युवक से मारपीट, जान से मारने की धमकी दी
बीकानेर। लूणकरणसर में एक युवक के घर में घुसकर मारपीट की गई। हमलावरों ने मकान का मुख्य गेट तोड़कर वारदात को अंजाम दिया और युवक को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना लूणकरणसर थाना क्षेत्र की मंडी आवासीय कॉलोनी सेक्टर 4 में हुई। पीड़ित सुनील कुमार पुत्र सुरेन्द्र कुमार भाम्भू, जो हनुमानगढ़ जिले के उमेवाल गांव का निवासी है और वर्तमान में लूणकरणसर मंडी आवासीय कॉलोनी में रहता है, ने पुलिस को रिपोर्ट दी है।
सुनील ने बताया कि 21 जुलाई मंगलवार की रात करीब 10:30 बजे वह खाना खाकर सो गया था। देर रात लगभग 12:30 बजे छगन गोस्वामी, पुरुषोत्तम गोस्वामी, पवन गोस्वामी सहित 5-6 अन्य लोग उसके घर पहुंचे। आरोपियों ने पहले घर का मुख्य गेट तोड़ा और फिर अंदर घुसकर सुनील के साथ मारपीट की। इस मारपीट में सुनील के बाएं पैर में चोटें आई हैं। हमलावर उसे जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने लूणकरणसर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। थानाधिकारी ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच एएसआई महेश कुमार को सौंपी है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।




