बीकानेर: क्षेत्र में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, दो डंपरों पर लगाया लाखों रुपए का जुर्माना
बीकानेर। बज्जू पुलिस और खनिज विभाग ने अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो डंपरों पर कुल 3.20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। कार्रवाई आरडी-860 क्षेत्र में पुलिस गश्त एवं चेकिंग के दौरान की गई, जहां अनियमितता पाए जाने पर दोनों वाहनों को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया गया। जानकारी के अनुसार, 23 अगस्त को नियमित गश्त के दौरान पुलिस ने दो डंपर को रोककर दस्तावेजों एवं खनिज परिवहन की जांच की। अनियमितता पाए जाने पर दोनों वाहनों को थाने लाकर सुरक्षित खड़ा कर दिया गया और मामले की सूचना खनिज विभाग को दी गई।
इसके बाद 25 अगस्त को वाहन के चालक/मालिक मांगीलाल पुत्र इन्द्रजी, निवासी रणजीतपुरा तथा दूसरे डंपर के के चालक/मालिक कालूराम पुत्र सुमेराराम, निवासी राववाला (थाना रणजीतपुरा), जिला बीकानेर ने खनिज विभाग में निर्धारित जुर्माना राशि जमा करवाई।
खनिज विभाग ने दोनों डंपरों पर 1.60-1.60 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। इस प्रकार दोनों वाहनों से कुल 3.20 लाख रुपये की राजस्व राशि वसूल की गई। जुर्माना जमा होने के बाद नियमानुसार दोनों वाहनों को सुपुर्दगी में छोड़ दिया गया। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई पूरी की।




