बीकानेर में इस जगह गोदाम में आग, 11.55 लाख किलो मूंगफली जली
बीकानेर के देशनोक में एफसीआई गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही समय में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। 33 हजार बोरियां में रखा 11.55 लाख किलो मूंगफली का स्टॉक जलकर राख हो गया। रातभर आग की लपटें धधकती रहीं और सोमवार सुबह तक दमकलकर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश करते रहे। आग से करोड़ों रुपए का नुकसाान हुआ है। घटना आरसीसी रोड स्थित एफसीआई गोदाम में रविवार देर रात लगभग 11 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 11 बजे आग लगी, जिसके बाद कुछ ही देर में लपटें तेजी से फैल गईं। करीब एक घंटे के भीतर आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि गोदाम की इमारत को भी नुकसान पहुंचा है। पूरा परिसर धुएं और लपटों से घिर गया और रातभर मूंगफली की बोरियां जलती रहीं। घटना की सूचना मिलते ही देशनोक, बीकानेर और नोखा सहित आसपास के क्षेत्रों से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मी देर रात से लगातार आग बुझाने में जुटे रहे। इस दौरान आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों लोग भी मौके पर एकत्रित हो गए और आग बुझाने के प्रयासों को देखते रहे। बताया जा रहा है कि जिस गोदाम में आग लगी वह देशनोक निवासी दीपचंद भूरा का है। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रशासन और दमकल विभाग की टीम मौके पर मौजूद है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान का सटीक आकलन किया जा सकेगा।




