बीकानेर में तेज रफ्तार कार का कहर, कई वाहनों को मारी टक्कर, तीन घायल
बीकानेर। शहर के शहरी क्षेत्र में रविवार को तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला। हादसा मुरलीधर व्यास नगर रोड स्थित जोशीवाला आईसक्रीम के सामने हुआ, जहां एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित हो गई और एक के बाद एक कई वाहनों को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरजे-02 नंबर की स्विफ्ट कार ने सड़क किनारे खड़ी तीन स्कूटी और एक बाइक को जोरदार टक्कर मारते हुए क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दीवार से जा भिड़ी।
हादसे में तीन लोगों के घायल होने की सूचना है। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को संभाला और अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर नयाशहर पुलिस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।




