रोहित गौदारा गैंग का शूटर-हथियार सप्लायर पकड़ा, अलग-अलग इलाकों में दी दबिश
श्रीगंगानगर जिले की जवाहर नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रोहित गौदारा गैंग के हथियार सप्लायर्स व एक शूटर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को पंजाब से गिरफ्तार किया गया है।
एसपी हरीशंकर ने जानकारी देते हुए बताया- 18 मार्च को श्रीकरणपुर थाना पुलिस ने गुरजीत सिंह गिल (23) निवासी गुरुसर (श्रीगंगानगर) को 1 पिस्टल चार मैगजीन सहित और 4 अतिरिक्त मैगजीन के साथ गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान जवाहर नगर थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह की टीम ने राहुल नागपाल (30) और नवजोत सिंह (23) को भी गिरफ्तार किया।
जिसके बाद पुलिस ने गैंगस्टर रोहित गोदारा के बड़े भाई हनुमान स्वामी को गिरफ्तार किया। आरोपी ने 18 मार्च को पकड़े गए बदमाश को एक पिस्टल चार मैगजीन सहित, चार अतिरिक्त मैगजीन और 1 लाख रुपए वारदात को अंजाम देने के लिए उपलब्ध कराए थे।
इसी मामले में पुलिस ने अब कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए रोहित गोदारा गैंग के एक शूटर व एक हथियार सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हरमन प्रीत (27) और रोहित सहोता (21) के रूप में हुई है। दोनों को पंजाब के अलग-अलग इलाकों से दबोचा गया। दोनों आरोपी गैंग के लिए हथियारों की सप्लाई करने और फायरिंग की घटनाओं में सक्रिय भूमिका रखने वाले बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है।




