विवाद सुलझाने के लिए बुलाई बैठक, विवाद में बीकानेर के रहने वाले व्यक्ति की मौैत
पारिवारिक विवाद सुलझाने के लिए बुलाई गई समझौता वार्ता में विवाद होने और कथित धक्का-मुक्की में व्यक्ति की मौत हो जाने की खबर सामने आयी है। मृतक व्यक्ति बीकानेर जिले के नोखा क्षेत्र का रहने वाला है। घटना श्रीगंगनगर के सूरतगढ़ से जुड़ी है। जहां पर आज पारिवारिक विवाद सुलझाने के लिए मंगलवार को बुलाई एक समझौता वार्ता उस समय दुखद घटना में बदल गई, जब कथित धक्का-मुक्की के दौरान एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक के परिजनों की रिपोर्ट पर सिटी थाना पुलिस ने दामाद सहित चार लोगों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार नोखा के रहने वाले सत्यनारायण ने रिपोर्ट देते हुए बताया है कि उनकी पुत्री का विवाह सूरतगढ़ निवासी राधाकिशन से हुआ था। आरोप है कि करीब दो माह पहले रेखा को उसके ससुराल पक्ष ने मारपीट कर घर से निकाल दिया था। इसी विवाद को सुलझाने के लिए मंगलवार को सत्यनारायण अपने परिवार के छह सदस्यों के साथ राधाकिशन के घर पहुंचे। प्रारंभ में दोनों पक्षों के बीच शांतिपूर्ण बातचीत हुई, लेकिन कुछ देर बाद किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि विवाद बढऩे पर धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसी दौरान राधाकिशन ने लक्ष्मण सोनी को धक्का देकर गिरा दिया और मारपीट की, जिससे वह बेहोश हो गए। परिजन उन्हें तुरंत एपेक्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।





