बनेगा बुध-मंगल का दशांक योग, इन 5 राशियों को मिलेगा धन और करियर में लाभ
14 अगस्त 2026 को बुध और मंगल के बीच दशांक योग बनने जा रहा है। ज्योतिषीय गणना के अनुसार दोपहर 12 बजकर 37 मिनट पर दोनों ग्रह लगभग 36 डिग्री के कोण पर आ जाएंगे। वर्तमान निरयन गोचर में मंगल मिथुन राशि में 7 डिग्री से अधिक और बुध कर्क राशि में करीब 13 डिग्री पर स्थित हैं। बुध पुष्य नक्षत्र और मंगल आर्द्रा नक्षत्र में गोचर कर रहे हैं। खास बात यह है कि कर्क राशि में बुध के साथ उच्च अवस्था वाले गुरु भी मौजूद हैं, जिससे इस ग्रह संयोग का महत्व और बढ़ जाता है।
ज्योतिष में बुध को बुद्धि, तर्क, व्यापार, गणना, संवाद और निर्णय क्षमता का कारक माना जाता है। मंगल साहस, ऊर्जा, पराक्रम, तकनीकी दक्षता और काम को अंजाम तक पहुंचाने की क्षमता का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसलिए इन दोनों ग्रहों का संबंध उन क्षेत्रों में फायदा दे सकता है, जहां सही रणनीति के साथ तुरंत कार्रवाई करना जरूरी होता है। हालांकि इसका प्रभाव सभी राशियों पर समान नहीं रहेगा। भाव स्वामित्व और गोचर स्थिति के आधार पर पांच राशियों को विशेष लाभ मिलने के संकेत हैं।
वृषभ राशि
वृषभ राशि के लिए बुध दूसरे और पंचम भाव के स्वामी होकर तीसरे भाव में हैं। यह भाव प्रयास, संवाद, लेखन, मार्केटिंग और नेटवर्क से जुड़ा है। मंगल सातवें और बारहवें भाव के स्वामी होकर दूसरे भाव में स्थित हैं। ऐसे में कम्युनिकेशन और स्किल के जरिए कमाई के अवसर बढ़ सकते हैं। मीडिया, सेल्स, कंटेंट, डिजिटल बिजनेस और कंसल्टिंग से जुड़े लोगों को नए प्रोजेक्ट मिल सकते हैं। हालांकि बोलचाल में संयम जरूरी रहेगा।
कन्या राशि
कन्या राशि के लिए बुध लग्न और कर्म भाव के स्वामी होकर लाभ भाव में हैं, जबकि मंगल तीसरे और आठवें भाव के स्वामी होकर कर्म भाव में स्थित हैं। नौकरी में नई जिम्मेदारी या महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट मिल सकता है। मेहनत का अच्छा परिणाम और वरिष्ठों से प्रशंसा मिलने के योग हैं। व्यापारियों को पुराने संपर्कों और नए क्लाइंट से फायदा हो सकता है। सक्रिय प्रयास करना आपके लिए जरूरी रहेगा।
सिंह राशि
सिंह राशि के लिए मंगल योगकारक ग्रह हैं और इस समय लाभ भाव में स्थित हैं। इससे आय, नेटवर्क और इच्छापूर्ति से जुड़े मामलों में सकारात्मक परिणाम मिल सकते हैं। बुध दूसरे और ग्यारहवें भाव के स्वामी होकर बारहवें भाव में हैं। विदेशी कंपनियों, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म, आईटी, मीडिया और इंटरनेशनल क्लाइंट से जुड़े लोगों को लाभ मिल सकता है।
तुला राशि
तुला राशि में बुध नवम और बारहवें भाव के स्वामी होकर दशम भाव में हैं। मंगल दूसरे और सातवें भाव के स्वामी होकर नवम भाव में मौजूद हैं। इससे भाग्य और कर्म का संबंध मजबूत होता है। नौकरी बदलने वालों को बेहतर अवसर, जबकि नौकरीपेशा लोगों को प्रमोशन या नई जिम्मेदारी मिल सकती है। व्यापार में विदेश या बड़े संस्थानों से जुड़े अवसर बन सकते हैं। दशम भाव में उच्च गुरु की मौजूदगी भी सकारात्मक संकेत देती है।
मीन राशि
मीन राशि के लिए मंगल दूसरे और नवम भाव के स्वामी होकर चौथे भाव में हैं। बुध चौथे और सातवें भाव के स्वामी होकर पंचम भाव में स्थित हैं। इससे धन, शिक्षा, संपत्ति और साझेदारी से जुड़े मामलों में प्रगति हो सकती है। प्रॉपर्टी या वाहन खरीदने की योजना आगे बढ़ सकती है। विद्यार्थियों को भी लाभ मिल सकता है। व्यापार में साझेदारी फायदेमंद रह सकती है और उच्च गुरु की मौजूदगी शिक्षा व रचनात्मक कार्यों के लिए सकारात्मक प्रभाव बढ़ा सकती है।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं, ज्योतिष, पंचांग, धार्मिक ग्रंथों आदि पर आधारित है। यहां दी गई सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए हम उत्तरदायी नहीं है।




