बिजली फॉल्ट ठीक करने पहुंची टीम पर हमला, गाड़ी पर किया पथराव
बीकानेर। बिजली फाल्ट ठीक करने के लिए पहुंची टीम पर हमला करने की खबर सामने आयी है। घटना श्रीगंगानगर से जुड़ी है। जहां पर बिजली फॉल्ट ठीक करने गई टीम की गाड़ी के आगे बाइक लगाकर 5-6 युवकों ने रास्ता रोक दिया और पथराव शुरू कर दिया। युवकों ने बिजली ठीक करने में देरी का आरोप लगाते हुए कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की भी की। कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद जवाहर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी भाग चुके थे। घटना के बाद बिजली विभाग ने मोहल्ले में चल रहे अवैध कनेक्शन काटे, वहीं तनाव को देखते हुए पुलिस करीब 2 घंटे तक तैनात रही।
घटना जवाहर नगर थाना क्षेत्र में लोहिया पार्क के पास हुई। जानकारी के अनुसार, श्रीगंगानगर शहर के वार्ड नंबर-46 में रात करीब 11 बजे टीम को बिजली लाइन में फॉल्ट आने की सूचना मिली थी। बताया गया कि फॉल्ट के कारण वार्ड के सभी घरों की बिजली बंद हो गई है। सूचना के बाद टीम मौके पर पहुंची और बिजली लाइन की मरम्मत करते हुए फ्यूज बदलने का काम शुरू किया। बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि टीम के साथ पथराव और धक्का-मुक्की करने वाले आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया जाएगा। पुलिस अब घटना में शामिल युवकों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।




