बीकानेर: महिंद्रा शोरूम के बाहर अनोखा प्रदर्शन, लग्जरी गाड़ियों में कचरा भरकर पहुंचे वाहन मालिक
बीकानेर। Mahindra & Mahindra के जयपुर रोड स्थित शोरूम के बाहर गुरुवार को वाहन मालिकों ने अनोखा विरोध-प्रदर्शन किया। लोग अपनी लग्जरी गाड़ियों में कचरा भरकर शोरूम पहुंचे और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई।
प्रदर्शन कर रहे वाहन मालिकों का आरोप है कि महिंद्रा कंपनी से खरीदी गई गाड़ियों में बार-बार तकनीकी खराबियां आ रही हैं। गाड़ियों को शोरूम में सर्विस के लिए देने के बावजूद लंबे समय तक ठीक नहीं किया जाता। साथ ही कर्मचारियों और मैनेजर के व्यवहार को भी ग्राहकों ने असंतोषजनक बताया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कुछ कर्मचारी अवैध वसूली कर रहे हैं और ग्राहकों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। उनका कहना है कि अतिरिक्त पैसा देने पर गाड़ियों को तुरंत ठीक कर दिया जाता है, जबकि अन्य ग्राहकों को पार्ट्स उपलब्ध नहीं होने का बहाना बनाकर लंबे समय तक इंतजार कराया जाता है।
वाहन मालिकों ने प्रदर्शन के माध्यम से कंपनी प्रबंधन से व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की। साथ ही कंपनी मालिकों से बीकानेर के अधिकृत डीलर को हटाकर किसी अन्य डीलर को जिम्मेदारी देने की मांग भी उठाई, ताकि ग्राहकों और कंपनी दोनों को नुकसान से बचाया जा सके।
हालांकि इस पूरे मामले में कंपनी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।





