बीकानेर में पेयजल संकट बरकरार, अब तक बीछवाल जलाशय तक नहीं पहुंचा पानी, लोगों की बढ़ी परेशानी
बीकानेर में पेयजल संकट से जूझ रहे लोगों को राहत मिलने में अभी एक-दो दिन का और इंतजार करना पड़ सकता है। इंदिरा गांधी नहर में पानी पहुंचने के बावजूद बुधवार दोपहर तक शहर को जलापूर्ति करने वाले बीछवाल जलाशय तक पानी नहीं पहुंच पाया। ऐसे में नियमित पेयजल आपूर्ति बहाल होने में अभी समय लग सकता है। हमारी टीम जब बीछवाल जलाशय तक पानी पहुंचाने वाली खाले पर पहुंची तो वहां हालात चिंताजनक नजर आए। खाला पूरी तरह सूखी पड़ी मिली और पानी का कोई प्रवाह दिखाई नहीं दिया। इस स्थिति को देखते हुए शहर में जलापूर्ति सामान्य होने में करीब दो दिन का समय लग सकता है।
जलाशय अंतिम स्तर पर, शाम तक पानी पहुंचने की उम्मीद
मौके पर निरीक्षण कर रहे जलदाय विभाग के अधिशासी अभियंता नितेश ने बताया कि शाम तक पानी पहुंचने की संभावना है। हालांकि उन्होंने कैमरे के सामने आने से इनकार कर दिया। उन्होंने बताया कि फिलहाल बीछवाल जलाशय में पानी अंतिम स्तर पर पहुंच चुका है, लेकिन पानी आने के बाद व्यवस्था में तेजी से सुधार किया जाएगा और जल्द शहर की जलापूर्ति सामान्य करने का प्रयास होगा।
नहर बंदी से बिगड़ी व्यवस्था, लोग खरीद रहे महंगे टैंकर
बीकानेर में नहर बंदी के कारण पिछले कई दिनों से पेयजल व्यवस्था प्रभावित बनी हुई है। हालात ऐसे हैं कि शहर में एक दिन छोड़कर एक दिन पानी की सप्लाई की जा रही है। इससे आमजन की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं। स्थिति यह है कि कई परिवारों को मजबूरी में निजी पानी के टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। जानकारी के अनुसार करीब 6 हजार लीटर पानी के एक टैंकर के लिए 1 हजार रुपए तक वसूले जा रहे हैं।
इधर, सरकारी निर्देशों की अनदेखी करते हुए पानी की कालाबाजारी की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। बढ़ती मांग के बीच कुछ लोग लोगों की मजबूरी का फायदा उठाकर मनमाने दाम वसूल रहे हैं।




