एसीबी का एक्शन, पटवारी को 8 हजार की घूस लेते पकड़ा, ग्रामीणों ने जमकर बजाए ढोल
पाली। बाली तहसील के लाटाड़ा गांव में सोमवार को पटवारी विक्रम धीर 8 हजार रुपए की घूस लेते पकड़ा गया। कार्रवाई की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ढोल बजाए। ग्रामीणों के अनुसार पटवारी बिना घूस कोई सरकारी कार्य नहीं करता था। एसीबी में दर्ज परिवाद के अनुसार लाटाड़ा में जमीन के सीमांकन करने के लिए पटवारी विक्रम धीर ने परिवादी से क्रय भूमि का नामांतरण व विभाजन करने के एवज में 11 हजार रुपए की मांग की। पांच हजार रुपए पहले ले भी लिए। परिवादी की मां के नाम पटवार हल्का लाटाड़ा में स्थित भूमि के सीमांकन के लिए 2 हजार रुपए की मांग की। साथ ही पूर्व में परिवादी के किए कार्यों के एवज में बकाया 6 हजार रुपए मांगे। वह इन कुल 8 हजार रुपए के लिए परिवादी को परेशान कर रहा था। इस पर एसीबी ने जाल बिछाया और सोमवार को पटवारी को 8 हजार रुपए लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। इधर, पटवारी विक्रम के ट्रैप होने की खबर फैलते ही लाटाड़ा गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने जमकर ढोल बजाकर कार्रवाई पर खुशी जताई।




