बीकानेर: 13 वर्षीय लड़की की पानी की डिग्गी में डूबने से मौत
बीकानेर। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के गांव लालासर की रोही में एक दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय बालिका की डिग्गी में डूबने से मौत हो गई। मृतका की पहचान भारती पुत्री बाबूलाल मेघवाल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार बालिका खेत में डिग्गी के पास कृषि कार्य कर रही थी। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह डिग्गी में जा गिरी। गहरे पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। मृतका के चाचा सिकंदर पुत्र जालाराम मेघवाल निवासी लालासर ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनका परिवार खेत में बनी ढाणी में निवास करता है। सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे भारती डिग्गी में गिर गई थी। परिजनों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन गहरे पानी के कारण उसे समय पर बाहर नहीं निकाला जा सका।काफी मशक्कत के बाद बालिका को बाहर निकालकर उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने चाचा की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले की जांच एसआई मोहनलाल को सौंपी गई है।
बीकानेर पुलिस की बड़ी कार्यवाही: दो पिस्टल सहित हथियार तस्कर गितफ़्तार
बीकानेर। पुलिस ने बड़ी कार्रवाही करते हुए हथियार तस्कर को पकड़ा है। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में डीएसटी व पुलिस थाना बीछवाल पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। कार्रवाही के दौरान श्रवण सोढा गैंग का मुख्य हथियार तस्कर शिवा निवासी बैतूल मध्य प्रदेश को गिरफ्तार किया गया है। इसके पास से 2 पिस्टल 10 राउंड बरामद किए है। मिली जानकारी के अनुसार हाल ही में अवैध पिस्टल प्रकण में जमानत पर आया था। आते ही तस्करी करनी शुरू कर दी। बीकानेर में अवैध आर्म्स के तार, संगठित अपराध व नवीन प्रावधानों में प्रकरण दर्ज है। कार्रवाही में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चक्रवती सिंह राठौड़ , वृताधिकारी सदर अनुष्ठा कालिया IPS, DST प्रभारी विश्वजीत सिंह , थानाधिकारी गौरव सारस्वत व टीम में संदीप कुमार, श्रीराम, सूर्य प्रकाश, रामनिवास शामिल रहे। साइबर सेल के ASI दीपक यादव के इनपुट पर ये कार्रवाही की गई।
बीकानेर: नाबालिग बच्ची के अपहरण मामले में 5 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार
बीकानेर। नापासर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग बच्ची के अपहरण मामले में पिछले चार माह से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। थानाधिकारी सुषमा शेखावत ने बताया कि सूरजपुरा तिलकनगर निवासी 25 वर्षीय श्याम भांभू लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी तथा उसके संभावित ठिकानों पर नजर रखी जा रही थी। थानाधिकारी सुषमा शेखावत के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल ईमीचंद, कांस्टेबल प्रदीप कुमार और कांस्टेबल गोगराज की टीम ने अथक प्रयास करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप मच गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
बीकानेर: आवारा पशु को बचाने के प्रयास में स्कूटी ऊंट-गाड़े से टकराई, युवक की मौत
बीकानेर। सड़क हादसे में 32 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा 7 मई को खारा टोल नाका के पास हुआ, जहां स्कूटी अनियंत्रित होकर ऊंट-गाड़े से टकरा गई। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी बाद में मौत हो गई। मृतक की पहचान डांडूसर निवासी रामचंद्र (32) पुत्र भागीरथ लाल स्वामी के रूप में हुई है। इस संबंध में मृतक के भाई महावीर दास ने मर्ग रिपोर्ट दर्ज करवायी है। रिपोर्ट के अनुसार रामचंद्र स्कूटी लेकर जा रहा था। इसी दौरान खारा टोल नाका के पास अचानक स्कूटी के सामने एक आवारा पशु आ गया। पशु को बचाने के प्रयास में स्कूटी अनियंत्रित होकर ऊंट-गाड़े से टकरा गई। हादसे में रामचंद्र को गंभीर चोटें आईं। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बीकानेर: आगे चल रही एंबुलेंस से टकराई बाइक, युवक की मौत
बीकानेर। गजनेर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब बाइक आगे चल रही एंबुलेंस से टकरा गई। गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस संबंध में गजनेर पुलिस थाने में चानी निवासी रतनाराम ने रिपोर्ट दर्ज करवायी है। परिवादी ने बताया कि उसका भाई कालूराम बाइक लेकर जा रहा था। इसी दौरान आगे चल रही गौशाला की एंबुलेंस से उसकी बाइक टकरा गई। हादसे में कालूराम गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान 11 मई को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बीकानेर: कीटनाशक सेवन से विवाहिता की मौत, पुलिस जांच में जुटी
बीकानेर: श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में कीटनाशक सेवन से एक विवाहिता की मौत का मामला सामने आया है। तबीयत बिगड़ने पर महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मामला शेरुणा थाना क्षेत्र के सूडसर गांव का है। इस संबंध में 30 वर्षीय फूसाराम मेघवाल ने पुलिस को रिपोर्ट देकर बताया कि उसकी पत्नी अनिता मेघवाल ने 10 मई की सुबह पानी के साथ कीटनाशक का सेवन कर लिया, जिससे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।परिजनों द्वारा उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान 11 मई की रात उसकी मौत हो गई। पति की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। मामले की जांच एएसआई सुरेश कुमार को सौंपी
बीकानेर में तस्कर के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, पुलिस-प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, देखे वीडियो
बीकानेर। जिले में अपराधियों और तस्करों के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को भुट्टों के बास क्षेत्र में तस्कर मेहंदी हसन उर्फ महेंद्र के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया गया। कार्रवाई पुलिस और बीडीए की संयुक्त टीम द्वारा की गई। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में की गई। मौके पर थानाधिकारी सुरेंद्र पचार अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। वहीं तहसीलदार महेंद्र रत्नू ने भी मौके पर पहुंचकर प्रशासनिक प्रक्रिया की निगरानी की। पुलिस के अनुसार मेहंदी हसन उर्फ महेंद्र के खिलाफ कुल सात मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें पांच मामले एनडीपीएस एक्ट से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं। प्रशासन ने अवैध रूप से बनाए गए मकान को चिन्हित कर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की। पुलिस और प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई को अपराधियों की अवैध कमाई और कब्जों पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है। बीकानेर पुलिस द्वारा हिस्ट्रीशीटर, तस्करों और गैंग से जुड़े अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है, जिससे अपराध जगत में हड़कंप मचा हुआ है।
बीकानेर: अवैध खनन रोकने पहुंचे पटवारी से मारपीट, राजकार्य में बाधा का मामला दर्ज
नोखा। पांचू क्षेत्र में तैनात एक पटवारी के साथ मारपीट और राजकार्य में बाधा पहुंचाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पांचू थाने में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पटवारी अनोपाराम नाई ने रिपोर्ट देकर बताया कि वह जयसिंह देसर मगरा गांव में पटवारी के पद पर कार्यरत है। 11 मई को वह पिथरासर गांव में एक आवेदन की भूमि सीमा ज्ञान के लिए जा रहा था। रास्ते में गांव की ओरण में कुछ लोगों को जेसीबी की सहायता से अवैध खनन करते देखा। पटवारी ने जब उन्हें ऐसा करने से मना किया तो वहां मौजूद लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि मांगीलाल, अनोपाराम और सुनील नायक निवासी जयसिंह देसर मगरा ने उसके साथ मारपीट करते हुए राजकार्य में बाधा पहुंचाई तथा सरकारी रिकॉर्ड फाड़कर फेंक दिए। वहीं इस घटना के विरोध में नोखा पटवार संघ के सदस्य भी पांचू थाने पहुंचे। पटवार संघ ने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो जिला और प्रदेश स्तर पर कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इस दौरान पटवारी भगवत लोहार, सुभाष बिश्नोई, बजरंग ब्राह्मण, मनीराम गोदारा, रामकिशन व्यास, राकेश कुमार सहित अन्य पटवारी मौजूद रहे।




