बीकानेर: डिग्गी में गिरने से व्यक्ति की मौत, पानी निकालते समय पैर फिसला
बीकानेर। लूणकरणसर के नहरी क्षेत्र के चक 9 सीएचडी में एक खेत की डिग्गी में गिरने से एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। यह घटना रविवार देर रात पानी निकालते समय हुई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को डिग्गी से बाहर निकलवाया। पुलिस ने बताया कि यह हादसा लूणकरणसर नहरी क्षेत्र के चक 9 सीएचडी में स्थित रामस्वरूप के खेत में हुआ। मृतक की पहचान इसी चक के निवासी 48 वर्षीय भानीसिंह के रूप में हुई है, जो खेत में काश्तकारी करता था। रविवार रात करीब दस बजे भानीसिंह खेत में बनी डिग्गी से पानी निकाल रहे थे, तभी अचानक उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में जा गिरे।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने भानीसिंह को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे पानी में बह गए। सूचना मिलने पर लूणकरणसर पुलिस भी मौके पर पहुंची। थानाधिकारी ने बताया कि जब तक भानीसिंह को डिग्गी से बाहर निकाला गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतक के बेटे सतपाल सिंह की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर सोमवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




