बीकानेर में इस जगह ससुराल में घर-जमाई की पीट-पीटकर हत्या, पत्नी डिटेन
बीकानेर। पत्नी ने बच्चों के साथ मिलकर पति की पीट पीटकर हत्या कर दी। युवक ससुराल में ही रहता था। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पत्नी को डिटेन किया है। फिलहाल मौत के कारणों की जांच की जा रही है। घटना लूणकरणसर थाना क्षेत्र के हंसेरा गांव में सोमवार रात को हुई। पुलिस के अनुसार, मूलाराम (50) पुत्र हिराराम, श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के कुन्तासर गांव का रहने वाला था। वह पिछले कुछ समय से हंसेरा गांव में अपने ससुराल में घर-जमाई के रूप में रह रहा था। सोमवार रात करीब 9 बजे घर में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान मूलाराम के साथ मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मारपीट के बाद घायल मूलाराम को आरोपी पक्ष ही हॉस्पिटल लेकर पहुंचा। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर लूणकरणसर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मॉर्च्युरी में रखवा दिया। साथ ही मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी गई। घटना के बाद पुलिस ने प्रथम दृष्टया मृतक की पत्नी विद्या देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है और मामले की जांच कर रही है।




